बल्लामाजरा में कृषि वैज्ञानिकों ने दी उन्नत किसानों को नवीनतम तकनीकी की जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
चौसाना। विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत ब्लॉक खंड ऊन के बल्लाामाजरा गांव में कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, सरकार की योजनाओं और लाभदायक खेती के तौर-तरीकों से अवगत कराना था। कार्यक्रम मे सैक्डो की संख्या मे किसान शामिल रहे।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा0 अजय कुमार के साथ कृषि विभाग की एक टीम मौजूद रही। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा0 अजय कुमार ने किसानों को केवीके द्वारा संचालित विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण जैसे गन्ना,धान प्राकृतिक खेती के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को एग्रोफॉरेस्ट्री को अपनाने की सलाह दी और समझाया कि कैसे इससे पर्यावरणीय लाभ के साथ-साथ आर्थिक लाभ भी प्राप्त किए जा सकते हैं। मिट्टी की सेहत के महत्व पर बल दिया और किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नमूना लेने की विधि, खारे पानी के प्रबंधन और खेतों में आम समस्याओं पर चर्चा की। किसानों को पौधा किस्म और कृषक अधिकार संरक्षण अधिनियम के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि यह अधिनियम किसानों के अधिकारों की रक्षा करता है और किस्मों के संरक्षण को बढ़ावा देता है।उन्होंने किसानों को एक ही भूखंड से एक वर्ष में एक से अधिक फसलें लेने हेतु प्रेरित किया और बताया कि कैसे बहु फसली खेती लाभकारी सिद्ध हो सकती है।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया और किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में नितिन चौधरी,प्रदीप कुमार,संदीप कुमार,प्रवीण कुमार आदि उपस्थित रहे।
