सिंगरौली

बालिकाओं के स्वस्थ भविष्य की पहल, हिंडालको महान ने प्रोजेक्ट बिटिया के तहत शुरू किया विशेष जागरूकता अभियान

15 ग्राम पंचायतों और 15 वार्डों तक पहुंचेगा अभियान, एनीमिया की रोकथाम, स्वास्थ्य जागरूकता और व्यक्तिगत स्वच्छता पर रहेगा विशेष जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। बालिकाओं का बेहतर स्वास्थ्य ही सशक्त समाज की मजबूत नींव है। इसी सोच के साथ हिंडालको महान ने अपनी सीएसआर पहल के तहत बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। PCI इंडिया द्वारा संचालित प्रोजेक्ट बिटिया के अंतर्गत 23 नवंबर 2026 को शासकीय माध्यमिक विद्यालय, बेतहाडांड़ में बालिका दिवस जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। 1 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से महान एल्युमिनियम इकाई के कार्यक्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों और 15 वार्डों में एनीमिया की रोकथाम तथा हाथों की स्वच्छता को लेकर व्यापक जनजागरूकता फैलाई जाएगी।
अभियान के उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत के सरपंच शिवशंकर वैश्य, हिंडालको सीएसआर के कार्यकारी अधिकारी धीरेंद्र तिवारी, शासकीय हाई स्कूल के प्राचार्य अजीत वर्मा, शासकीय माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र वैश्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के वन स्टॉप सेंटर की परियोजना प्रबंधक अंशिका खरे की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के लगभग 25 से 30 शिक्षक-शिक्षिकाओं, समुदाय के सदस्यों और 150 से 160 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘सेहत की दौड़’ से दिया स्वस्थ रहने का संदेश
अभियान के पहले दिन कक्षा आठवीं की छात्राओं के लिए ‘सेहत की दौड़’ गतिविधि आयोजित की गई। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को शारीरिक सक्रियता, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में SUMAN-K पद्धति के माध्यम से हाथ धोने की सही प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे छात्राएं स्वच्छता के वैज्ञानिक तरीकों को समझ सकें और उन्हें अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना सकें।
चार प्रमुख गतिविधियों के माध्यम से गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता का संदेश
23 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में प्रोजेक्ट बिटिया के ग्राम साथी और हिंडालको सीएसआर की मैदानी टीम मिलकर चार प्रमुख गतिविधियों का संचालन करेंगे। इनमें ‘सेहत की दौड़’ के जरिए शारीरिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहन, ‘स्वास्थ्य संकल्प एवं दीवार’ के माध्यम से सामूहिक स्वास्थ्य प्रतिबद्धता, ‘भ्रम की पर्ची, सच्चाई का संदेश’ के जरिए एनीमिया से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों को दूर करना तथा ‘टेस्ट, ट्रीट, टॉक, ट्रैक – एनीमिया से आजादी’ के अंतर्गत एनीमिया की जांच, उपचार, संवाद और नियमित फॉलोअप के प्रति जागरूकता बढ़ाना शामिल है।
इस अभियान का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना ही नहीं, बल्कि बालिकाओं और उनके परिवारों को एनीमिया की पहचान, समय पर जांच, उचित उपचार और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना भी है। इसके माध्यम से समुदाय में स्वास्थ्य को लेकर सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन लाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ एवं फ्लैग ऑफ समारोह विद्यालय प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों, समुदाय के सदस्यों, हिंडालको सीएसआर टीम और PCI इंडिया की प्रोजेक्ट बिटिया टीम की सक्रिय सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। यह पहल बालिकाओं को स्वस्थ, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने के साथ उनके बेहतर भविष्य की दिशा में सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने का प्रयास है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button