पोड़ैयाहाट में संविधान बचाओ राष्ट्रीय अभियान का हुआ आयोजन

एनपीटी गोड्डा ब्यूरो
पोड़ैयाहाट : प्रखंड परिसर में जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से संविधान बचाओ राष्ट्रीय अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अवसर पर प्रखंड मुख्यालय के मुख्य द्वार के समीप बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। जिसका निर्माण पोड़ैयाहाट के कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव की विधायक निधि से किया गया है। कार्यक्रम में रांची के कांके विधानसभा से कांग्रेस विधायक सुरेश चंद बैठा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जबकि कांग्रेस के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष केदार पासवान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अवसर पर कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा चोर दरवाजे से संविधान को खत्म कर मनुस्मृति लागू करने की साजिश रच रही है। उन्होंने बताया कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा नेताओं ने “अबकी बार 400 पार” का नारा देकर संविधान बदलने की बात कही थी। लेकिन, राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू हुए “संविधान बचाओ” अभियान ने देश की जनता को जागृत किया, जिसके परिणामस्वरूप भाजपा 400 के बजाय 250 सीटों पर सिमट गई और आज बैसाखी के सहारे सरकार चला रही है। यादव ने यह भी बताया कि भाजपा ने एस सी/एस टी एक्ट को कमजोर करने की कोशिश की थी, लेकिन जनता के सड़कों पर उतरने से उनकी यह साजिश नाकाम रही। दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव, दुमका जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश राम चंदवंशी, डॉ. अजित कुमार महात्मा, प्रकाश दास, दरौती हांसदा सहित कई वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों, उनके संघर्ष और संविधान पर मंडरा रहे खतरे पर अपने अपने विचारों को रखा।