बंद क्रशर प्लांट में 10 लाख की चोरी, नाइट गार्ड को बंधक बनाकर चार घंटे तक की वारदात
Theft worth 10 lakh at a closed crusher plant; night guard held captive as perpetrators carry out the crime over four hours

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के महारो गांव स्थित मोजीबूर रहमान के बंद क्रशर प्लांट में रविवार रात करीब अपराधियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने नाइट गार्ड मोफिजुल शेख को बंधक बनाकर लगभग 10 लाख रुपये के उपकरण चोरी कर लेने की बातें कही जा रही है।
गार्ड के मुताबिक अपराधियों ने रात करीब 12 बजे उसके हाथ बांधकर आंखों पर पट्टी लगा दी। इसके बाद करीब चार घंटे तक प्लांट से आठ छोटे-बड़े मोटर, कॉइल, केबल तार और क्रशर स्टार्टर समेत कई उपकरण खोलकर पिकअप वैन में लाद लिए। अपराधियों ने ट्रांसफार्मर का कॉइल निकालने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। घटना की सूचना पर एसडीपीओ कुमार गौरव, थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह एवं सिमलोंग थाना प्रभारी सुखदेव साहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस अपराधियों की पहचान एवं चोरी किए गये सामान की बरामदगी में जुटी है। लगातार क्रशर प्लांटों में हो रही चोरी की घटनाओं से पत्थर व्यवसायियों में चिंता है। व्यवसायियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।



