फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेता टीम को उपासना मरांडी ने किया सम्मानि
Upasana Marandi honored the winning team of the football competition.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के महेशपुर प्रखण्ड अन्तर्गत रोलाग्राम पंचायत के महेशगढ़िया फुटबॉल मैदान में चाय चम्पा क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य सह युवा नेत्री उपासना मरांडी ने फुटबॉल उछालकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान पारंपरिक आदिवासी नृत्य, ढोल-नगाड़े और मांदर की थाप के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया। फाइनल मुकाबला एफसी गेलबार पारिश और एफसी भेलो सिटी यूनाइटेड के बीच खेला गया, जिसमें एफसी गेलबार पारिश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 60 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपासना मरांडी ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने राज्य सरकार की खेल प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ उठाकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का आह्वान किया। मौके पर जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, जिप सदस्य सामसुन मुर्मू, पाऊल सोरेन, निठुर मुर्मू, क्लब अध्यक्ष फिलीसन मुर्मू, सचिव बबलू मुर्मू, कोषाध्यक्ष महेंद्र बेसरा, इग्नाशियुस हेंब्रम, शमशेर मुर्मू सहित झामुमो कार्यकर्ता एवं हजारों खेलप्रेमी उपस्थित थे।



