बरेली
दीपक पांडे बने बरेली बार एसोसिएशन के नए सचिव
कार्यकारिणी में दीप्ति सक्सेना को मिली जबरदस्त जीत

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। बरेली बार एसोसिएशन के सचिव पद के लिए हुए उपचुनाव में अधिवक्ता दीपक पांडे ने कड़े मुकाबले में 21 वोटों से जीत दर्ज कर गौरव राठौर को शिकस्त दी। वहीं दीप्ती सक्सेना को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी मिली। मंगलवार को शांतिपूर्ण तरीके से हुए मतदान के बाद बुधवार को मतगणना पूरी होते ही जैसे ही परिणाम सामने आया, बार परिसर तालियों और नारों से गूंज उठा। समर्थकों ने दीपक पांडे को फूल-मालाओं से लाद दिया और जमकर पटाखे फोड़े। पूर्व सचिव वी.पी. ध्यानी के निधन के बाद खाली हुए पद को भरने के लिए यह उपचुनाव आयोजित किया गया था। मतगणना बुधवार दोपहर 12 बजे शुरू हुई। शुरुआती राउंड से ही दीपक पांडे और गौरव राठौर के बीच बेहद करीबी मुकाबला चला। हर राउंड के बाद वोटों का अंतर कभी घटता तो कभी बढ़ता रहा, लेकिन छठे राउंड में दीपक पांडे ने 21 वोटों की निर्णायक बढ़त बनाकर जीत हासिल की। बरेली कॉलेज छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष रहे दीपक पांडे लंबे समय से बार की राजनीति में सक्रिय हैं। उनकी संघर्षशील छवि और मिलनसार व्यक्तित्व ने उन्हें खासतौर पर युवा अधिवक्ताओं में लोकप्रिय बना दिया। यही कारण रहा कि चुनाव में उन्हें युवा वर्ग का भारी समर्थन मिला। जैसे ही दीपक पांडे की जीत की घोषणा हुई, उनके समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। मिठाइयां बांटी गईं, पटाखे फोड़े गए और कैंप कार्यालय में जीत का जश्न देर शाम तक चलता रहा।




