बरेली
फ्यूचर यूनिवर्सिटी के फेस्ट में भारी बवाल
पंजाबी गायिका सुनंदा शर्मा के शो में मची भगदड़, बेकाबू भीड़ ने तोड़े बैरिकेड्स

पब्लिसिटी के चक्कर में मैनेजमेंट ने बुलाई क्षमता से ज्यादा भीड़; पुलिस के हस्तक्षेप और हल्के बल प्रयोग से टला बड़ा हादसा
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : फरीदपुर बरेली-लखनऊ हाईवे पर स्थित फ्यूचर यूनिवर्सिटी के वार्षिक फेस्ट ‘नवरंग 2026’ में आयोजित पंजाबी गायिका सुनंदा शर्मा के कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था और हंगामा देखने को मिला। यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट की घोर लापरवाही और क्षमता से अधिक भीड़ जुटाने के कारण कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई। बेकाबू भीड़ ने सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के बैरिकेड्स ताश के पत्तों की तरह तोड़ दिए। गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद पुलिस ने समय रहते मोर्चा संभाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार, ‘नवरंग 2026’ फेस्ट में स्टार नाइट के दौरान पंजाबी गायिका सुनंदा शर्मा को सुनने और देखने के लिए हजारों की संख्या में युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। भीड़ इतनी अधिक थी कि निजी सुरक्षाकर्मी और बाउंसर स्थिति को संभालने में पूरी तरह से विफल साबित हुए। हालात बेकाबू होने पर भीड़ का दबाव बढ़ा और सुरक्षा घेरे टूट गए। इस दौरान मची भगदड़ में कई छात्र-छात्राएं अपनी जान बचाने के लिए मेन गेट की तरफ भागते नजर आए। हालात को बेकाबू होता देख फरीदपुर पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यदि समय पर सही कदम नहीं उठाए जाते, तो वहां कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी।
इस पूरे घटनाक्रम में फ्यूचर यूनिवर्सिटी प्रबंधन की बड़ी चूक सामने आई है। आरोप है कि पब्लिसिटी बटोरने के उद्देश्य से यूनिवर्सिटी ने तय क्षमता से कहीं अधिक भीड़ को आमंत्रित कर लिया, लेकिन क्राउड मैनेजमेंट (भीड़ प्रबंधन) के लिए उनके पास कोई ‘प्लान बी’ नहीं था। इस हंगामे के दौरान यूनिवर्सिटी के चांसलर मुकेश गुप्ता और प्रो-चांसलर दीप गुप्ता भी वहीं मौजूद थे। सुरक्षा में हुई इस भारी सेंधमारी और अव्यवस्था को लेकर छात्रों के परिजनों में भी खासा आक्रोश है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कार्यक्रम के लिए तय की गई शर्तों के उल्लंघन और सुरक्षा मानकों में हुई इस बड़ी चूक को लेकर पुलिस ने यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट से लिखित जवाब तलब किया है।
वर्जन ; इस संबंध में कॉलेज प्रशासन से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन संपर्क नहीं हो सका इस बीच गौरव सक्सेना वहां प्रोफेसर है और मीडिया प्रबंधन का कार्य भी देखते हैं उनसे फोन पर बात हुई तो उन्होंने बताया छात्रों की धक्का मुख में बैरिकेडिंग टूट जाने से माहौल खराब हुआ था लेकिन फिर स्थिति नियंत्रण में कर ली गई थी !



