गोड्डा

ससुराल जा रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

10 दिन के मासूम के सिर से उठा पिता का साया

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो 
पोरैयाहाट: थाना क्षेत्र के सतपहाड़ी गांव में उस समय मातम पसर गया, जब सड़क दुर्घटना में एक 25 वर्षीय युवक की असमय मौत हो गई। मृतक की पहचान रामधन राय (पिता – मुरारी राय) के रूप में हुई है। वे अपने ससुराल भतोरिया (रामगढ़) जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच रामधन राय अपनी मोटरसाइकिल से ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान बाँझी गांव के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस हादसे ने एक हँसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। रामधन की शादी तीन वर्ष पूर्व रूपा देवी से हुई थी। अभी मात्र 10 दिन पहले ही उनके घर एक बेटे का जन्म हुआ था। परिवार जहां नवजात के आगमन की खुशियां मना रहा था, वहीं अचानक इस दुर्घटना ने पूरे घर को गहरे सदमे में डाल दिया। मासूम बच्चे के सिर से जन्म के कुछ ही दिनों बाद पिता का साया उठ गया। रामधन पेशे से मजदूर थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर थे। उनके बड़े भाई का पहले ही निधन हो चुका है। अब परिवार की जिम्मेदारी छोटे भाई कुंदन राय और वृद्ध पिता पर आ गई है।घटना के बाद सतपहाड़ी और भतोरिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और सहायता प्रदान करने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button