कर्माटांड़ करो रोड पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत
Horrific road accident on Karmatand Karo Road, bike rider dies on the spot
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कर्माटांड़–करो रोड पर सुनसुनडबरा गांव और महाजोर नदी के बीच मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपनी बाइक से करों की ओर जा रहा था, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिरकर दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि गिरते ही युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरा बनाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मोबाइल ऐप के जरिए बाइक की जानकारी प्राप्त की गई, जिससे मृतक की पहचान विक्रम टुडू के रूप में हुई, जो कोला पड़ी, करो का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम हेतु जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल प्रशासन यह जांच कर रहा है कि आखिर बाइक कैसे अनियंत्रित होकर गिरी। क्या सड़क की स्थिति वजह थी, या अचानक कोई तकनीकी खराबी हुई—इन सभी पहलुओं की जांच जारी है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है और स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।


