अमड़ापाड़ा की जनसमस्याओं को लेकर JLKM का धरना, सौंपा 13 सूत्री मांग-पत्र
JLKM stages a sit-in protest over public issues in Amrapara; submits a 13-point charter of demands.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की प्रखंड कमेटी अमड़ापाड़ा की ओर से क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रखंड कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। धरने के माध्यम से अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार का सौंदर्यीकरण, जर्जर सड़कों की मरम्मत, अधूरे जलमीनारों का निर्माण पूरा कराने, बंद अस्पताल को पुनः चालू करने, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली- पेयजल की व्यवस्था, पुल-पुलिया निर्माण तथा विस्थापित एवं पहाड़िया गांवों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा पेनम लिंक रोड पर नियमित पानी का छिड़काव कराने समेत कुल 13 सूत्री मांगें रखी गईं।
धरना समाप्त होने के बाद JLKM नेताओं ने उपायुक्त, पाकुड़ के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी को मांग-पत्र सौंपा। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने एवं लंबित विकास कार्यों को पूरा कराने की मांग की। कार्यक्रम में JLKM नेता मार्क बास्की, जिला सचिव जहांगीर अंसारी, गोल्डन हांसदा, आंद्रियास मुर्मू, विष्णु पहाड़िया, राजेश मरांडी, मंगली पहाड़िन, इलियास, सामुएल मालतो, राजू राय, मनोज साह, अमन कुमार, पियूष कुमार, राज आर्यन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।



