शामली
तेज रोशनी से डिवाइडर नहीं देख पाया चालक, पुल पर डिवाइडर से टकराया ट्रक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना, शामली । मेरठ-करनाल हाईवे पर काठा नदी के पुल पर बुधवार देर रात सामने से आ रहे वाहनों की तेज रोशनी के कारण स्क्रैप से भरा ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में चालक को हल्की चोटें आईं, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर यातायात बाधित रहा।
पंजाब के राजपुरा निवासी चालक गुरदेव सिंह ट्रक में स्क्रैप भरकर इलाहाबाद से राजपुरा जा रहा था। काठा नदी के पुल पर सामने से आ रहे वाहनों की तेज लाइट उसकी आंखों पर पड़ी। इससे उसे डिवाइडर दिखाई नहीं दिया और ट्रक कंडक्टर साइड से डिवाइडर में जा टकराया।
टक्कर से ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची एनएचएआई की टीम ने क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।