
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। महिला सशक्तिकरण के तहत चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एक सराहनीय पहल देखने को मिली। नगर पालिका परिषद में एक अनूठे कार्यक्रम के तहत श्रीदिगम्बर जैन सुधा सागर कन्या इंटर कॉलेज की कक्षा 12वीं की छात्रा मानवी साहू को एक दिन के लिए नगर पालिका अध्यक्ष तथा छात्रा हिमांशी रिछारिया को अधिशासी अधिकारी बनाया गया। कार्यक्रम के दौरान दोनों छात्राएं नगर पालिका परिषद पहुंचीं और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान नपाध्यक्ष सोनाली जैन एवं अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने दोनों छात्राओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। एक दिन के लिए जिम्मेदारी संभालने वाली छात्राओं ने अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। इस पहल से छात्राओं में आत्म विश्वास बढऩे के साथ ही उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। अध्यक्ष ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत इस प्रकार की पहल बालिकाओं के आत्मविश्वास, जागरूकता और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की आधी आबादी हैं और उनके सशक्त हुए बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है। वहीं अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के विशेष चरण के अंतर्गत जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके तहत मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर और 181 हेल्पलाइन जैसी योजनाएं संचालित हैं। कार्यक्रम के दौरान कर अधीक्षक राजेश कुमार जैन, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक जितेन्द्र स्वरूप तिवारी, वरिष्ठ लिपिक दीनदयाल सोनी, लेखा लिपिक अभिषेक चौबे, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक दीपेन्द्र कुमार, नजूल लिपिक सुधीर रावत, कर लिपिक चन्द्रविनोद मिश्रा, जन्म-मृत्यु लिपिक विनोद कुमार, आरडीसी लिपिक अमित पाराशर तथा विद्यालय की अध्यापिका कीर्ति झा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।