बरेली
OTS की तिथि बढ़ाने के लिए पार्षद राजेश अग्रवाल ने शासन को लिखा पत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नगर निगम की एक मुश्त समाधान योजना (ब्याज माफी) की अंतिम तिथि 14 नवम्बर 2026 थी। यह योजना 15 अगस्त 2026 से शुरू हुई थी। इसकी तिथि 31 दिसंबर 2026 या 31 मार्च 2027 तक बढ़ाने के लिए पार्षद राजेश अग्रवाल ने शासन को पत्र लिखा है। उन्होंने प्रमुख सचिव विकास गुरु प्रसाद काले और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव को मेल भेजा है। राजेश अग्रवाल ने बताया कि बरेली में 3 माह की योजना अधिकारियों की मनमानी के कारण केवल एक माह ही चली। उसमें भी कई छुट्टियां आ गईं, जिससे जनता लाभ नहीं ले पाई। शुरू में अधिकारियों ने 3 साल का ब्याज माफ करने का ऐलान किया था, जिसका उन्होंने विरोध किया। इसके बाद कर विभाग ने 2 तरह की पॉलिसी चला दीं – एक में अप्रैल 2014 से और दूसरी में 3 साल का ब्याज माफ हो रहा था। विरोध के बाद जनता को 1 अप्रैल 2014 से ब्याज माफी का लाभ मिला, लेकिन इसमें योजना का समय बर्बाद हो गया। शुरू में एक माह तक कर विभाग सॉफ्टवेयर अपडेट न होने की बात कहता रहा। इससे भी समय खराब हुआ।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि बरेली में ब्याज माफी शासन की मंशा के अनुरूप नहीं हुई, जबकि अन्य नगर निकायों में ब्याज की तिथि से माफी दी गई। इसीलिए तिथि बढ़ाने की मांग की गई है।



