ललितपुर
देशी व अंग्रेजी शराब की दुकान में घुसकर शराब की पेटियां सड़क पर फेंकी
अनियंत्रित भीड़ ने जमकर किया प्रदर्शन, शराब की दुकानें हटाये जाने की उठायी मांग
घण्टाघर पर भी जीरोंन गांव की महिलाओं ने लगाया जाम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना महरौनी की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी खितवांस में लंबे समय से चल रहा देशी और अंग्रेजी शराब के खिलाफ विरोध ने आज उग्र रूप ले लिया। खितवांस और आस पास के ग्रामीण अंचलों से आये महिलाओं और पुरुषों ने देशी शराब की दुकान का ताला तोड़ा और फिर दुकान में रखीं करीब आधा सैकड़ा से अधिक शराब की पेटियों को ललितपुर – महरौनी मुख्य मार्ग पर फेंक कर नष्ट कर दीं। काफी देर हंगामे के बाद महरौनी, खितवांस और मुख्यालय से भी भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया, समाचार लिखे जाने तक सूचना मिल रही है कि उग्र लोगों ने खितवांस की अंग्रेजी शराब की दुकान पर भी प्रदर्शन शुरू हो गया था।
गौरतलब है कि ग्रामीण अंचलों में देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानें बहुतायत संख्या में खोली गयी हैं। इन दुकानों को या तो घनी आबादी के बीच, गांव के समीप और स्कूलों के पास खोल दिया गया है। इनमें मानकों की अनदेखी किये जाने का बड़ा आरोप पूर्व से भी लगता रहा है। शराब की दुकानों पर नशे के शौकीन लोगों का जमघट लगा रहना गांव में अशांति का माहौल बनाये रखता है। वहीं आये दिन महिलाओं को होने वाली समस्याओं, बच्चों, बुजुर्गों व बालिकाओं से जुडी समस्याओं को लेकर कई ग्रामीण अंचलों में लोगों ने खासकर महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुये दुकानों को तत्काल बंद करने या फिर अन्यत्र स्थानान्तरित करने की मांग उठायी है, जिससे कि गांव में किसी प्रकार की अनहोनी घटना न हो। महिलाओं ने कई ग्रामीण अंचलों की समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पहुंच कर आलाधिकारियों को ज्ञापन दिये, शिकायतें की। लेकिन कार्यवाही न होने से क्षुब्ध महिलाओं के सब्र का बांध आज टूट गया, जिसके चलते महरौनी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत ग्राम खितवांस में महिलाओं -पुरुषों की भारी भीड़ ने देशी शराब की दुकान का ताला तोड़ा और अंदर रखी शराब की पेटियों को उठाकर बीच सड़क पर डालकर शराब नष्ट कर दीं। वहीं अंग्रेजी शराब की दुकान में भी रखी शराब को सड़क पर फेंकते हुये नष्ट कर दिया गया। उग्र होते प्रदर्शन को देख महरौनी कोतवाली समेत मुख्यालय से भी भारी पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाने का प्रयास किया।
वहीं मुख्यालय स्थित घण्टाघर पर थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम जीरोंन में रहने वाली महिलाओं ने जाम लगाकर भारी प्रदर्शन किया। मौके पर कोतवाली से पहुंचे निरीक्षक व उप निरीक्षक के अलावा सदर चौकी इंचार्ज प्रशान्त राणा ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को समझाया और कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया। महिलाओं का आरोप है कि गांव में शराब की बिक्री हो रही है, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। यहां शराबियों का जमघट लगा रहता है, जिससे महिलाओं, बालिकाओं को आने-जाने में भारी परेशानियां उठानी पड़ती हैं। वहीं बच्चों को विद्यालय जाने में भी असुविधा होती है। महिलाओं ने उक्त दुकान को बंद कर अन्यत्र स्थानान्तरित करने की मांग उठायी।
इनका कहना है
खितवांस में देशी व अंग्रेजी शराब की दुकान पर लोगों ने प्रदर्शन किया है। मामले की सूचना मिलने पर तत्काल थाना पुलिस द्वारा मौके पर पहुंच कर मामले को शान्त कराया गया। प्रकरण में वादी की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मामला पंजीकृत किया जा रहा है। जिसके अनुसार वैधानिक कार्यवाही अमल में लायी जा रही है। मौके पर शान्ति व कानून व्यवस्था बनी हुयी है।
रक्षपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी महरौनी



