खैरथल
रीट मेंस परीक्षा में परिवहन व्यवस्था फेल
खैरथल जिला मुख्यालय से रोडवेज बसें नहीं चलीं, परीक्षार्थी बेहाल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल। रीट मेंस परीक्षा के दिन खैरथल जिले के परीक्षार्थियों को अलवर स्थित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि खैरथल जिला मुख्यालय से अलवर जिला मुख्यालय के लिए रोडवेज बसों का संचालन नहीं किया गया, जिससे सैकड़ों अभ्यर्थी समय पर केंद्र पहुंचने को लेकर परेशान रहे।
परीक्षार्थियों का कहना है कि आम दिनों में भी खैरथल से अलवर के लिए रोडवेज सेवा नहीं है, लेकिन परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर राज्य सरकार द्वारा कोई विशेष व्यवस्था नहीं की गई। जबकि सरकार द्वारा परीक्षाओं के दौरान नि:शुल्क रोडवेज सेवा उपलब्ध कराने के दावे किए जाते रहे हैं।
सुबह अलवर जाने वाली पूजा एक्सप्रेस और रानीखेत एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं, जिससे रेल मार्ग से जाने वाले परीक्षार्थी भी असमंजस में रहे। अंततः मजबूरी में अभ्यर्थियों को आपस में वाहन साझा कर निजी टैक्सियों का सहारा लेना पड़ा, जिसमें उन्हें अधिक किराया चुकाना पड़ा।
परीक्षार्थियों ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर सुबह 9 बजे पहुंचना अनिवार्य था, लेकिन परिवहन साधनों की कमी के कारण मानसिक तनाव के बीच परीक्षा देने जाना पड़ा। वहीं कई अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि प्राथमिक विद्यालय अध्यापक पद की परीक्षा का प्रश्नपत्र अत्यधिक कठिन था और उसका स्तर आरएएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के समान महसूस हुआ।
अभ्यर्थियों ने खैरथल की जनता से सवाल उठाने की अपील करते हुए कहा कि विकास के नाम पर बड़े-बड़े दावे करने वाले सांसदों और विधायकों से यह पूछा जाना चाहिए कि जिला मुख्यालय से रोडवेज बसों का नियमित संचालन आज तक क्यों नहीं हो पाया। जब बसें चलती ही नहीं हैं, तो सरकार की ओर से घोषित नि:शुल्क रोडवेज सुविधा का लाभ परीक्षार्थियों को आखिर कैसे मिलेगा?


