रामपुर शाहबाद
विभिन्न मांगों को लेकर किसान संघ ने उप जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। शुक्रवार को भारतीय किसान संघ ने उप जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाया गया, जिनमें विद्यालयों में NCERT पाठ्यक्रम लागू करना, आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान और पात्र किसानों के राशन कार्ड काटे जाने जैसे मुद्दे शामिल थे। संघ ने मांग की कि क्षेत्र के विद्यालयों में NCERT पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। उनका कहना था कि इससे आम जनता के बच्चों को सही और समान शिक्षा मिल सकेगी। किसानों ने बताया कि प्रत्येक गांव में निराश्रित गोवंश फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसान कड़ाके की ठंड में रातभर जागकर अपनी फसलों की रखवाली करने को मजबूर हैं। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि अधिकांश गांवों में प्रधानों की कथित मिलीभगत से पात्र किसानों के राशन कार्ड काटे जा रहे हैं। संघ ने इस मामले की सही जांच कराकर पात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड फिर से जोड़ने की मांग की। इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के उमेश, गजेंद्र, ठाकुर, कल्लू, रमेश, भोजराज और सोहन लाल सहित कई सदस्य मौजूद रहे।


