शामली
मकान निर्माण रोकने पहुंची राजस्व टीम को ग्रामीणों का विरोध, टीम लौटी वापस
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। खंड विकास क्षेत्र के गांव गढ़ी मियां में मकान निर्माण रुकवाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को ग्रामीणों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के आक्रोश के चलते राजस्व विभाग की टीम को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा।गांव गढ़ी मियां निवासी सादीन गांव के बाहर अपने मकान का निर्माण करा रहा था। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने राजस्व विभाग को सूचना दी कि सादीन खाद के गड्ढों की भूमि पर मकान निर्माण कर रहा है। सूचना पर लेखपाल आदित्य व कानूनगो धर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया।राजस्व टीम के पहुंचते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व विभाग बिना किसी ठोस कारण के ग्रामीणों को परेशान कर रहा है, जबकि सादीन का परिवार पिछले करीब पचास वर्षों से उक्त स्थान पर निवास कर रहा है।वहीं लेखपाल आदित्य ने बताया कि सादीन का मकान खाद के गड्ढों की जमीन पर बना हुआ है और पुराने मकान को तोड़कर नया निर्माण किया जा रहा था। फिलहाल मकान निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया है।
———–


