गाजियाबाद
नन्हीं बहनों का कमाल: नेवी की पीएनबी सोलजराथन रन में अद्रिका-अन्विका ने दिखाया जज्बा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी/गाजियाबाद। राजधानी दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 5 मार्च 2026 को नेवी के तत्वावधान में आयोजित पीएनबी सोलजराथन रन में दो नन्हीं बहनों 9 वर्षीय अद्रिका बंसल और 7 वर्षीय अन्विका बंसल ने 10.5 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर सभी को प्रभावित किया। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली ये दोनों सबसे कम उम्र की प्रतिभागी रहीं और अपने साहस व दृढ़ संकल्प से मेडल भी हासिल किए।दौड़ के दौरान दर्शकों और अन्य धावकों ने बच्चियों का उत्साह बढ़ाया और उनके जज्बे की जमकर सराहना की। खास बात यह रही कि अद्रिका गलती से 21 किलोमीटर तक दौड़ गईं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी छोटी बहन से केवल करीब पांच मिनट अधिक समय में फिनिश लाइन पार की। उनकी रफ्तार अन्विका से लगभग दोगुनी रही। हालांकि उनका पंजीकरण 10 किमी श्रेणी में था, इसलिए उन्हें उसी आधार पर मेडल प्रदान किया गया।इससे पहले भी दोनों बहनें 10 अप्रैल 2025 को दिल्ली में आयोजित पीएनबी हाफ मैराथन में 10 किलोमीटर दौड़ पूरी कर चुकी हैं, जिसमें उन्होंने 2 घंटे 12 मिनट का समय लिया था। इसके बाद 20 अप्रैल 2025 को धौला कुआं में आयोजित ‘सोल्जराथन’ में अद्रिका ने 1 घंटा 20 मिनट 31 सेकेंड और अन्विका ने 1 घंटा 21 मिनट 11 सेकेंड में दौड़ पूरी कर अपने प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार किया।
गाजियाबाद के लोनी स्थित शर्मा एन्क्लेव, आर्य नगर निवासी एडवोकेट अंकित बंसल की ये बेटियां अपने पिता के मार्गदर्शन में अभ्यास करती हैं। अंकित बंसल न केवल नेशनल शूटर हैं, बल्कि इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन (ISSF) के प्रमाणित ‘सी’ लाइसेंसधारी कोच और नेशनल राइफल एसोसिएशन से प्रशिक्षित नेशनल ज्यूरी भी हैं।इन बच्चियों की उपलब्धि परिवार ही नहीं, पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। परिवार में खेलों का माहौल भी मजबूत है। उनकी बुआ आकांक्षा बंसल अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटर हैं, जिनके सम्मान में उत्तर प्रदेश सरकार ने लोनी क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर स्थित मंडोला से गोठरा गांव तक जाने वाली एक सड़क का निर्माण कराया है।दिलचस्प बात यह है कि इन दोनों बहनों का छोटा भाई प्रत्यक्ष कीर्ति वर्धन भी पीछे नहीं है। मात्र दो वर्ष की उम्र में उसने 3 किलोमीटर दौड़ पूरी कर ‘से नो टू ड्रग्स, से यस टू फिटनेस’ का संदेश दिया। उसने 27 अप्रैल 2025 को द्वारका में आयोजित ‘द्वारका 10K रन’ में भाग लेकर यह उपलब्धि हासिल की थी।अद्रिका और अन्विका का आत्मविश्वास और समर्पण यह साबित करता है कि उम्र चाहे छोटी हो, हौसले बड़े हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।



