सिंगरौली
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज माफिया पर शिकंजा, अवैध परिवहन में 03 वाहन जप्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर गौरव बैनल के स्पष्ट निर्देशों के तहत खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया एवं अशोक मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ग्राम कटौली एवं गजराबहरा क्षेत्र से बिना वैध अभिवहन पास के रेत का परिवहन कर रहे 02 ट्रैक्टर जप्त किए गए।
इसके अतिरिक्त ग्राम झोखो क्षेत्र से ओवरलोड गिट्टी का परिवहन कर रहे 01 हाईवा वाहन (क्रमांक एमपी 53 जेडजी 5017) को भी खनिज विभाग की टीम द्वारा जप्त किया गया।
जप्त किए गए सभी वाहनों को संबंधित पुलिस थाना/चौकी में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के कुशल नेतृत्व में जिले में निरंतर की जा रही सख़्त कार्रवाइयों से अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं प्रशासन की इस सख्ती से अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगने लगा है।



