नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जीआरपी उरई पुलिस ने चलती ट्रेनों में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 22,500 रुपये कीमत के तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी ने पूछताछ में पिछले छह-सात माह के दौरान चलती ट्रेनों में महिलाओं के हैंडबैग चोरी करने की घटनाएं स्वीकार की हैं।
शुक्रवार तड़के करीब 3.50 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पश्चिमी छोर पर रेलवे लाइन के पास चेकिंग के दौरान जीआरपी पुलिस ने बाबूलाल पाल (38) पुत्र राम प्रकाश निवासी ग्राम बनफरा थाना कोतवाली उरई, जनपद जालौन को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक वीवो और दो ओप्पो कंपनी के मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद मोबाइल जीआरपी उरई में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए। पूंछतांछ में आरोपी ने बताया कि उसने लगभग छह-सात माह पहले तथा पांच-छह माह पहले चलती ट्रेनों में महिलाओं के हैंडबैग चोरी किए थे, जिनमें मोबाइल फोन और नकदी रखी थी। बरामद तीनों मोबाइल उन्हीं वारदातों से जुड़े हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित मुकदमों में आवश्यक धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी नागेंद्र सरोज, उप निरीक्षक प्रेमचन्द्र थाना जीआरपी उरई अनु. झांसी, सिपाही राजीव कुमार (विशेष ड्यूटी) थाना जीआरपी उरई, आलोक कुमार थाना जीआरपी उरई, अंजेश कुमार (विशेष डियूटी) थाना जीआरपी उरई ने किया।


