
20-20 गर्भाधान का दबाव, अमानवीय आदेशों के खिलाफ मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मध्य प्रदेश सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ जिला शाखा बैतूल ने जिला अध्यक्ष मन्नूलाल चिल्हाटे के नेतृत्व में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए पशुपालन विभाग के प्रशासनिक अधिकारियों पर मनमानी, आंकड़ों की बाजीगरी और कार्यकर्ताओं पर अनुचित दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए। संघ ने कहा कि कृत्रिम गर्भाधान एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसका उद्देश्य उन्नत नस्ल के पशु तैयार कर दुग्ध उत्पादन बढ़ाना है, लेकिन विभागीय अधिकारी कागजी लक्ष्य पूरे करने के लिए एक-एक कार्यकर्ता से प्रतिदिन 20-20 गर्भाधान कराने का अमानवीय दबाव बना रहे हैं, जो किसी भी परिस्थिति में संभव नहीं है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रशासनिक अधिकारी तकनीकी और वैज्ञानिक प्रक्रियाओं की समझ के बिना मनमाने आदेश लागू कर रहे हैं, जिससे न पशुपालकों का हित साधेगा न विभाग का उद्देश्य पूरा होगा। संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस गंभीर मामले पर तत्काल संज्ञान लेकर ऐसे अव्यावहारिक और अमानवीय निर्देशों को रोकने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में डीडी झाड़े, डीडी मर्सकोले, सुरेश वट्टी, सीएल वामनकर, जेएस उइके, नीलिमा मालवीय, काशीराम सलाम, लक्ष्मी आहाके, सखाराम सिरसाम, सरिता चौहान, रूपेश उबनारे, मनीषा कापसे, रूपेश देशमुख, रूपा उइके, विनीत धुर्वे, नम्रता भारती, कमलेश जावलकर और सुभाष टेकाम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




