शामली
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। महिला सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत गुरुवार को महिला पुलिसकर्मियों द्वारा नगर में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के साथ-साथ सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।मिशन शक्ति टीम की महिला हेड कांस्टेबल बबीता व हेड कांस्टेबल कमलेश ने अभियान का नेतृत्व करते हुए नगर के सरकारी अस्पताल, बस स्टैंड, बाजार सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधों से बचने के लिए किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।महिला पुलिसकर्मियों ने सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों, सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही, जागरूकता पंपलेट वितरित कर महिलाओं से अपील की गई कि वे स्वयं सतर्क रहें और अन्य महिलाओं को भी जागरूक करें।


