बिजनौर

बच्चे को गोद में लेकर गंगा में छल्लांग लगाने वाले बीएसएफ जवान की तलाश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

बिजनौर। शनिवार को हुई दिल दहला देने वाली घटना में डेढ़ वर्ष के बच्चे को गोद में लेकर गंगा में छल्लांग लगाने वाले बीएसएफ जवान का अभी तक कोई पता नहीं चला है। घटना के बाद से ही पुलिस, पीएससी और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में लगी है।
ज्ञात हो कि शनिवार को नजीबाबाद वेदविहार कॉलोनी के रहने वाले बीएसएफ जवान राहुल उर्फ सुमित ने अपने डेढ़ साल के बेटे प्रणव को गोद में लेकर बिजनौर बैराज से गंगा नदी में छलांग लगा दी। इससे पहले 19 अगस्त को उसकी पत्नी मनीषा ठाकुर ने भी इसी बैराज से गंगा में छलांग लगाई थी। उसकी तलाश अब तक जारी है। शनिवार दोपहर राहुल बेटे को दवा दिलाने बिजनौर अस्पताल आया था। दवा लेने के बाद वह सीधे बैराज पहुंच गया। बैराज पर यातायात बंद होने से उसने किराए की कार वहीं रोक दी। और वह बेटे को गोद में लेकर बैराज पार मुजफ्फरनगर की पुलिस चौकी गया और दरोगा से पत्नी के बारे में जानकारी ली। वापस लौटते वक्त गेट नंबर 17 से उसने बेटे संग गंगा में छलांग लगा दी। मोबाइल फोन उसने पुल पर ही छोड़ दिया। राहगीरों ने जवान को बच्चे संग कूदते देखा तो शोर मचाया। सूचना मिलते ही पुलिस, पीएसी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोर पिता-पुत्र की तलाश कर रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जाता है कि करीब पांच साल पहले राहुल ने मनीषा ठाकुर से लव मैरिज की थी। शुरूआती जीवन सामान्य रहा, लेकिन बीते कुछ महीनों से दांपत्य जीवन में कलह बढ़ गई। इसी कलह के चलते मंगलवार को पत्नी ने बैराज पर ही गंगा में छलांग लगाई और अब पति ने बेटे संग खौफनाक कदम उठा लिया। घटना के बाद गंगा किनारे सैकड़ों लोग जमा हो गए। पुलिस परिजनों को ढांढस बंधा रही है। वहीं, एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार तलाश कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button