सिंगरौली

मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास की मांग को लेकर विस्थापितों ने सौंपा 13 सूत्रीय ज्ञापन

15 दिन में कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली/विंध्यनगर। एनटीपीसी विंध्याचल परियोजना से प्रभावित और विस्थापित परिवारों की लंबित समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली शहर के अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान के नेतृत्व में एनटीपीसी प्रबंधन को 13 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। ज्ञापन में विस्थापित परिवारों की मांगों पर 15 दिन के भीतर लिखित और संतोषजनक कार्रवाई की मांग की गई है। मांगें पूरी नहीं होने पर विस्थापितों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में नवजीवन विहार में पात्र विस्थापित परिवारों को लंबित प्लॉट आवंटित करने, समाप्त लीज प्रकरणों में नियमानुसार मालिकाना हक देने तथा सभी पात्र विस्थापितों को पहचान पत्र जारी करने की मांग रखी गई है। रोजगार के मामले में जेसीबी, वाहन, मैनपावर और ठेका कार्यों में पिछले चार वर्षों के दौरान हुई कथित अनियमितताओं की जांच कराने और पात्र विस्थापितों को प्राथमिकता देने की मांग भी शामिल है।
विस्थापितों ने फ्लाई ऐश, ऐश डाइक रिसाव, ओवरलोडिंग, कथित अवैध डंपिंग और प्रदूषण की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा प्रभावित गांवों और कृषि क्षेत्रों में धूल नियंत्रण के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग की है। इसके अलावा सीएसआर, विस्थापन और पुनर्वास कार्यों का स्वतंत्र सामाजिक एवं वित्तीय ऑडिट कराने तथा त्रिपक्षीय समझौते के अनुसार पांच किलोमीटर के दायरे में पात्र परिवारों को निःशुल्क बिजली देने की मांग की गई है।
ज्ञापन में एनटीपीसी स्कूलों में विस्थापित बच्चों के लिए आरक्षित सीट और फीस में राहत, विंध्यनगर के आवासीय क्वार्टरों में पात्र परिवारों को आवंटन तथा पिपरलाल और चूल्हा गेट की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई है।
इसके साथ ही वर्ष 2025 के प्रभावित परिवारों के पंजीयन आवेदनों की शीघ्र जांच कर पात्र और अपात्र लोगों की सूची सार्वजनिक करने तथा एनटीपीसी प्रबंधन और विस्थापित प्रतिनिधियों की संयुक्त निगरानी समिति गठित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कुछ बिचौलियों द्वारा विस्थापितों को गुमराह किए जाने के आरोप लगाते हुए उनसे आंदोलन से दूर रहने की अपील भी की गई है। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर सिंगरौली, पुलिस अधीक्षक और विंध्यनगर थाना प्रभारी को भी दी गई है। एनटीपीसी की ओर से ज्ञापन पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर अब विस्थापित परिवारों की नजर है।
एनटीपीसी की आधिकारिक निविदा व्यवस्था में विंध्याचल परियोजना से जुड़े विभिन्न कार्य वर्तमान में भी जारी हैं, जिससे परियोजना क्षेत्र में परिचालन गतिविधियों के निरंतर बने रहने की पुष्टि होती है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button