आजहार इसलाम बोले—जनता का विश्वास मेरी बड़ी जिम्मेदारी
Azhar Islam said—the public's trust is a major responsibility for me.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पूर्व एनडीए प्रत्याशी सह समाजसेवी आजहार इसलाम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर ईलामी पंचायत के चंदाली मोड़ पर प्रस्तावित जनसभा और इसके बाद राइस मिल परिसर में जुटे लोगों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
आजहार इसलाम के अनुसार, ईलामी पंचायत के चंदाली मोड़ में शाम छह बजे से उनकी जनसभा प्रस्तावित थी, लेकिन प्रशासन की ओर से सभा की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद रात करीब 10 बजे के बाद उन्होंने सोशल मीडिया और WhatsApp के माध्यम से एक संक्षिप्त वॉइस संदेश लोगों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी देर रात सूचना मिलने के बावजूद अगले ही दिन इतनी बड़ी संख्या में लोग स्वयं उनके राइस मिल परिसर पहुंचेंगे। उनके मुताबिक, ईलामी, नवादा, सिसपोखर, तारानगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, बुजुर्ग, युवा, कार्यकर्ता और समर्थक वहां पहुंचे।
आजहार इसलाम ने कहा कि लोगों की ओर से मिले स्नेह, सम्मान और विश्वास से वे भावुक और खुश हैं। उन्होंने कहा कि इतने कम समय की सूचना पर लोगों का उनके पास पहुंचना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। जनता के विश्वास का सम्मान करते हुए गरीब, मजलूम, असहाय और अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज उठाने का प्रयास जारी रखने की बात उन्होंने कही। उन्होंने यह भी दावा किया कि दो-तीन पंचायतों से पहुंचे सैकड़ों युवा और बुजुर्गों ने उन पर विश्वास जताते हुए उनके संगठन से जुड़ने का निर्णय लिया। आजहार इसलाम ने कहा कि जनता का प्यार और साथ मिलता रहा तो पाकुड़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज को और मजबूत करने, गरीबों को उनका हक एवं न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रखी जाएगी। उन्होंने बेहतर पाकुड़ के निर्माण के लिए लोगों के साथ मिलकर काम करने की बात कही। उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा, “आपका प्यार ही मेरी ताकत है, जनता की सेवा ही मेरा संकल्प है।” साथ ही उन्होंने लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।



