रूस, यूएई ने इजराइल-ईरान संघर्ष को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
नई दिल्ली। रूस और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने बुधवार को इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष को तत्काल समाप्त करने तथा तेहरान के परमाणु मुद्दे को सुलझाने के लिए राजनीतिक एवं कूटनीतिक प्रयासों को तेज करने का आह्वान किया। क्रेमलिन के मुताबिक, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान के साथ टेलीफोन पर बातचीत के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा की। वार्ता के बाद क्रेमलिन ने एक बयान में कहा, ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित विवादास्पद मुद्दों को हल करने के लिए संघर्ष को तत्काल समाप्त करने और राजनीतिक एवं कूटनीतिक प्रयासों को तेज करने की आवश्यकता है। क्रेमलिन के मुताबिक पुतिन ने कहा कि रूस इजराइल और ईरान के बीच बातचीत के लिए मध्यस्थता करने को तैयार है। इजराइल और ईरान के बीच छठे दिन भी एक-दूसरे पर हमले जारी रहने के मद्देनजर रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में परमाणु खतरा अब काल्पनिक नहीं बल्कि वास्तविक है।



