अलवर
जिला कलक्टर ने किया जल संचयन एवं संरक्षण से संबंधित विकास कार्यों का निरीक्षण
वंदे गंगा अभियान के तहत कराए गए जल संरक्षण के कार्यों को सराहा जल संरक्षण संरचनाओं के पास अधिकाधिक पौधारोपण कराने व सेल्फी पॉइंट बनाने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
अलवर 20 जून। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने शुक्रवार को पंचायत समिति मालाखेडा की ग्राम पंचायत माधोगढ का दौरा कर वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जल ग्रहण व संरक्षण कार्यों तथा पारम्परिक जल स्त्रोत बावडी रिनोवेशन कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने निरीक्षण के दौरान नलदेश्वर मंदिर के पास एवं ग्राम इंदौक में बावडियों के मरम्मत, साफ-सफाई एवं पेंटिंग के कार्यों की सराहना की। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिये कि नलदेश्वर के पास स्थित बावडी में पौधारोपण कराने, पार्क विकसित करने, सेल्फी पॉइंट बनाने एवं नल के पास सोख्ता गड्डा निर्माण करावे। उन्होंने ग्राम इंदौक में आंगनबाडी केंद्र पास स्थित बावडी का निरीक्षण कर निर्देश दिये कि पानी टंकी के पास सोख्ता गड्डा का निर्माण करावे ताकि बूंद-बूंद पानी का संचय हो सके। साथ ही रामतलाई इंदौक में मनरेगा योजनान्तर्गत संचालित जोहड खुदाई एवं रिचार्ज शाफ्ट निर्माण कार्य का निरीक्षण कर जोहड की खुदाई से निकली मिट्टी से पाल की चौडाई बढाने एवं क्षतिग्रस्त कार्यस्थल बोर्ड को पुनः तैयार कराने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने इंदौक में ही पीएमकेएसवाई योजना के तहत प्रगतिरत तालाब रिनोवशन एवं वेस्टवीयर कार्य का अवलोकन किया।
इस दौरान अधिशाषी अभियन्ता मनरेगा नरेन्द्र कुमार लाखीवाल, विकास अधिकारी मालाखेडा राजबाला मीणा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




