छात्रा प्रिया उपाध्याय ने कराया योगाभ्यास, जनपद में सूर्य नमस्कार से बनेगा विश्व रिकॉर्ड

बागपत : 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अंतर्गत योग सप्ताह के छठे दिन बागपत जनपद में बड़े स्तर पर सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया। इस वर्ष के योग दिवस का मुख्य उद्देश्य विश्व रिकॉर्ड बनाना है, जिसके लिए जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में दिगंबर जैन महाविद्यालय, बड़ौत की छात्रा प्रिया उपाध्याय ने छपरौली स्थित विद्या मंदिर विद्यालय में विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया। प्रिया ने न केवल बच्चों को सूर्य नमस्कार एवं अन्य योगासनों का अभ्यास करवाया, बल्कि योग के लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया।
दूसरी ओर, दिगंबर जैन महाविद्यालय बड़ौत में योगाचार्य हिमांशु मुछाल, हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नीलू जैन के साथ मिलकर महाविद्यालय के विद्यार्थियों को योग कराया गया। विद्यार्थियों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया, साथ ही मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा योगाभ्यास की पुष्टि हेतु शपथ पत्र (प्रतिज्ञा लिंक) भी साझा किया गया, जिसे महाविद्यालय के शिक्षकों व विद्यार्थियों ने भरकर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकाधिक युवाओं को योग के प्रति जागरूक करना और भारत के नाम एक नया विश्व रिकॉर्ड दर्ज कराना है।
शिक्षण संस्थानों में इस योग सप्ताह को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। विद्यार्थी, शिक्षक व प्रबंधन समिति सभी मिलकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में योगदान दे रहे हैं।



