गोड्डा
मंत्री से वार्ता के बाद कॉलेज कर्मियों ने हड़ताल तोड़ा, नामांकन प्रक्रिया शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा/पथरगामा : प्रखंड अंतर्गत एसबीएसएसबीएसजे कॉलेज के कर्मियों की लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल दो दिन के बाद आज समाप्त हो गई। यह निर्णय श्रम नियोजन मंत्री सह शासी निकाय अध्यक्ष संजय प्रसाद यादव से हुई वार्ता के बाद लिया गया। हड़ताल के चलते कॉलेज में शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य पूरी तरह ठप हो गए थे, जिससे बीए पार्ट-1 की नामांकन प्रक्रिया भी बाधित हो गई थी और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मंत्री संजय प्रसाद यादव ने अपने आवास पर कॉलेज कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। वार्ता के दौरान उन्होंने कर्मियों से हड़ताल समाप्त करने का आग्रह किया और उनकी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया।
मंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र के समाप्त होते ही गवर्निंग काउंसिल की बैठक बुलाई जाएगी और आप सभी कालेज कर्मियों का समस्या का समाधान किया जाएगा। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने सभी कॉलेज कर्मियों से तत्काल नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की अपील की। उनकी अपील के बाद कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की, जिससे अब कॉलेज में सामान्य कार्य पुनः बहाल होने की उम्मीद है। वहीं छात्रों और अभिभावकों ने मंत्री के इस त्वरित हस्तक्षेप की सराहना की है।



