बहराइच
अपने कार्यों में लापरवाही बरतने पर 58 आंगनबाड़ी का रोका गया वेतन

बहराइच। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में लाभार्थियों के चेहरा प्रमाणीकरण और ई केवाईसी कार्य में शिथिलता उजागर होने पर नगर क्षेत्र की आठ और विशेश्वरगंज ब्लॉक की 50 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का वेतन रोक दिया गया है। सभी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। नगर क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कार्य में सुधार के लिए तीन दिन की मोहलत दी गई है। नगर क्षेत्र के सीडीपीओ ने बताया कि शासन व डीएम के निर्देश पर नगर क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र के पंजीकृत लाभार्थी की केवाईसी और चेहरा प्रमाणीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इसमें लापरवाही व प्रगति शून्य मिलने पर आठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का जून माह का मानदेय रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं को तीन दिन में कार्य पूरा करने का आदेश दिया गया है। कार्य पूरा नहीं होता तो 50 प्रतिशत से कम प्रगति वाली कार्यकर्ताओं पर अग्रिम विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विशेश्वरगंज ब्लॉक की सीडीपीओ दीपा गुप्ता ने बताया कि उन्होंने शनिवार को क्षेत्र के कई आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पोषण ट्रैकर एप पर लाभार्थियों के पंजीकरण व चेहरे के प्रमाणीकरण कार्य में लगभग 50 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कार्य शून्य पाया गया। इसके परिणामस्वरूप उनके मानदेय को तत्काल रोककर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सीडीपीओ ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अगले दो दिनों के भीतर लंबित कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है।



