गाजियाबाद

अधिवक्ता को जबरन कार में बैठाकर घंटों घुमाने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज

हथियार दिखाकर धमकाने और साथियों से मारपीट का दावा; पीड़ित ने परिवार की सुरक्षा की लगाई गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी : आनंद विहार थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता को कथित तौर पर जबरन उसकी कार में बैठाकर घंटों तक इधर-उधर घुमाने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता रवि शर्मा की शिकायत पर थाना आनंद विहार पुलिस ने  भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3)/3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।
स्कूटी कार के आगे लगाकर रोकने का आरोप, शिकायत कर्ता ने
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे रवि शर्मा अपने दोस्तों के साथ आनंद विहार बस स्टैंड से घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सोनू मेन्टल उर्फ शक्ति सचिन तोता ने स्कूटी कार के आगे लगाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद कथित तौर पर रवि शर्मा को कार की पिछली सीट पर बैठाकर आरोपी स्वयं ड्राइविंग सीट पर बैठ गया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने हथियार निकालकर उसे गियर के पास रख दिया और कार को जीटीबी अस्पताल की ओर ले जाने लगा। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा मोटरसाइकिल से कार का पीछा किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
इहबास के पास साथियों से मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक, जब रवि शर्मा के साथ मौजूद दोस्तों ने कार रोकने को कहा तो इहबास के पास कार रोकी गई। आरोप है कि वहां उसके साथियों के साथ मारपीट की गई और उन्हें मौके से भगा दिया गया। इसके बाद अधिवक्ता को अकेले कार में बैठाकर आगे ले जाने का आरोप है।
पीड़ित के अनुसार, रास्ते में एक महिला समेत तीन अन्य लोगों और एक छोटे बच्चे को भी कार में बैठाया गया। आरोप है कि घर जाने की इच्छा जताने के बावजूद उसे कार से उतरने नहीं दिया गया और कार को नंद नगरी क्षेत्र में काफी देर तक घुमाया जाता रहा।
इशारे से साथी अधिवक्ता को दी सूचना
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस दौरान आरोपी ने कुछ लोगों से उसकी फोन पर अधिवक्ता के रूप में बातचीत भी कराई। इसी दौरान उसने कथित तौर पर अपने साथी अधिवक्ता को इशारे के माध्यम से अपनी स्थिति की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
शिकायत में कहा गया है कि नंद नगरी बस डिपो के पास कार की एक ऑटो से टक्कर हो गई। आरोप है कि कार में मौजूद महिला ने ऑटो चालक के साथ मारपीट की। इसी दौरान मौका पाकर शिकायतकर्ता कार से निकलकर भागा और नंद नगरी थाने पहुंचा।
दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली कार
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता की ग्रे रंग की Maruti Suzuki X-Cross कार नंबर UP16CS 7871 की तलाश की गई। कार जीटीबी शाहदरा स्थित अंबेडकर गेट के पास दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। पुलिस ने कार को फर्द के माध्यम से अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद पुलिस शिकायतकर्ता को उसके बताए स्थानों पर लेकर गई। शिकायतकर्ता ने रोड नंबर-72 स्थित Qotel Comfort IP Residency के सामने उस स्थान की पहचान की, जहां उसके अनुसार उसे कथित तौर पर जबरन कार में बैठाया गया था।
जांच के बाद दर्ज हुई FIR
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शिकायतकर्ता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रथमदृष्टया अपराध बनता पाए जाने पर 8 सितंबर की रात करीब आठ बजे FIR दर्ज की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत करने पर धमकी देने का भी आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपियों की ओर से फोन कर शिकायत नहीं करने का दबाव बनाया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने जान-माल का खतरा बताते हुए अपने और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा की मांग की है।
गिरफ्तारी नहीं, तलाश जारी
पीड़ित पक्ष का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button