शामली
एसबीएम जूनियर हाईस्कूल में धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस
बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के मोहल्ला गुजरान में स्थित एसबीएम जूनियर हाईस्कूल में 77 वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर देश के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की।
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता पाठ एवं नाट्य मंचन के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और भारतीय संविधान की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मुस्तफा जंग ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और देशभक्ति की भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज का छात्र ही देश का भविष्य है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से उन्हें संस्कारवान नागरिक बनाया जा सकता है। प्रधानाचार्य ने विद्यालय परिवार की ओर से सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा अभिभावक सहित नवेद जंग एडवोकेट, मुनव्वर हसन, सोनू जंग व सालिम पंच सहित आदि मौजूद रहे।


