
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा के मांट क्षेत्र में राया रोड पर स्थित एक मैरिज होम में शनिवार को शादी समारोह था। दुल्हन मांट क्षेत्र की थी, जबकि बरात लक्ष्मी नगर से आई थी। शादी समारोह में हर ओर खुशी का माहाैल था। तभी दूल्हे की बहन की एक मांग ने पूरे समारोह में खलल डाल दिया। विवाद बढ़ता गया और आखिर में रिश्ता टूट गया। मैरिज होम में बरात के पहुंचने पर दुल्हन पक्ष की ओर से भव्य स्वागत किया गया। दावत के बाद स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन बैठे थे। फोटोशूट चल रहा था। तभी दूल्हे की बहन ने होटल में अपने लिए कमरे की मांग की। कमरे की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। दूल्हे की बहन नाराज होकर अपने पति के साथ लक्ष्मी नगर चली गई। इससे दूल्हा नाराज हो गया। कहने लगा कि वह अपनी बहन और बहनोई के बगैर फेरे नहीं लेगा। विवाद बढ़ने पर पुलिस भी आ गई। शनिवार आधी रात से शुरू हुआ विवाद रविवार सुबह चार बजे तक जारी रहा। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। कई घंटे तक दोनों पक्षों में वार्ता चली। दोनों पक्षों ने रविवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में एक दूसरे के शादी में खर्च हुए रुपये का लेन-देन कर रिश्ते को खत्म कर दिया। इसके बाद बरात बिना दुल्हन के लाैट गई।



