गोड्डा
कन्हवारा नाग मंदिर में लगा श्रद्धालुओं का ताता, आज चढेगा डलिया
- अंतिम दिन कन्हवारा नाग मंदिर क्षेत्र में लगेगा मेला।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : जिला मुख्यालय से सटे कझिया नदी के मनोरम तट पर अवस्थित कन्हवारा नाग मंदिर में आर्द्रा नक्षत्र में विशेष पाक्षिक पूजनोत्सव के दौरान रविवार को खीर भोजन का आयोजन किया गया। जबकि अंतिम दिन सोमवार को नाग देवता को डलिया चढेगा और मेला भी लगेगा। पुजारी अशोक मांझी ने बताया कि कन्हवारा ग्राम में बाबा बासुकी नाग पूजा के 15वां दिन 5 क्विंटल दूध का खीर प्रसाद बनाय गया। बाबा को भोग लगने के बाद ब्राह्मण एवं कुमारी भोज कराया गया। वहीं आसपास क्षेत्र के बच्चे, बड़ों ने प्रसाद ग्रहण किया। दिन भर श्रद्धांलुओं का ताता लगा रहा।
प्राचीन परंपरा के तहत पाक्षिक पूजन समारोह 22 जून को शुरू हुआ है जो सात जुलाई तक जारी रहेगा। पंडित गोपाल झा द्वारा वैदिक रीति रिवाज के साथ नाग देवता व बासुकीनाथ बाबा का पूजन व अभिषेक कराया जाता है। अंतिम दिन सोमवार को मंदिर में डलिया चढ़ाया जाएगा। इसको लेकर भारी भीड़ लगी रहेगी। पूर्व मुखिया परमानंद साह ने बताया कि कन्हवार नाग मंदिर जागृत पीठ है। इस पीठ का नीर व भस्म बहुत ही कारगर सिद्ध होता है। सोमवार को मेला लगता है इसके लिए विभिन्न प्रकार के दुकान सजने लगे हैं। पूजन व दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। पूजा को सफल बनाने के लिए पुजारी अशोक मांझी, प्रदीप सिंह, अशोक कापरी सहित अन्य ग्रामीणों का सराहनीय सहयाेग रहा।




