बरहरवा प्रखंड को पाकुड़ जिले में शामिल करने की मांग तेज, विधायक निशात आलम ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
Demand for inclusion of Barharwa block in Pakur district intensifies, MLA Nishat Alam raises the issue in the Assembly

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान पाकुड़ विधायक निशात आलम, जो झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में सर्वाधिक मतों से विजयी रहे थे, ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पुनर्गठन से जुड़ी मांग विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाई है। विधायक आलम ने झारखंड विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखण्ड को 15 नवंबर 2026 तक पाकुड़ जिले में शामिल करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि बरहरवा प्रखण्ड की भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक सुविधा के दृष्टिकोण से यह परिवर्तन बेहद आवश्यक है।
दूरी का तर्क सबसे मजबूत
विधायक निशात आलम ने सदन को बताया कि बरहरवा प्रखण्ड की दूरी साहिबगंज जिला मुख्यालय से तकरीबन 72 किमी है, जबकि पाकुड़ जिला मुख्यालय से इसकी दूरी महज 22 किमी है। उन्होंने तर्क दिया कि कम दूरी होने के कारण प्रशासनिक पहुँच, जनसेवा, आपदा प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की निगरानी पाकुड़ से अधिक सुगमता के साथ संभव है।
विधानसभा अध्यक्ष ने दी तत्काल प्रतिक्रिया
विधानसभा अध्यक्ष ने इस मुद्दे पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित मंत्री को जमीनी स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के दिशा-निर्देश दिये।
सरकार जल्द उठाएगी ठोस कदम
सदन में मौजूद मंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार इस दिशा में ठोस और व्यवहारिक कदम उठाएगी तथा प्रस्तावित परिवर्तन की संभावनाओं और आवश्यकताओं पर विस्तृत अध्ययन किया जायेगा।
स्थानीय लोगों में उम्मीद
इस मांग के उठने के बाद बरहरवा क्षेत्र में भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि लंबे समय से प्रशासनिक सुविधाओं के लिए बेहतर विकल्प की मांग करते रहे हैं। विधायक के इस प्रयास से क्षेत्र के लोगों में नई उम्मीद जगी है।



