ललितपुर
कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई पं.जवाहरलाल नेहरू की जयंती
चित्र पर माल्यार्पण कर कांग्रेसजनों ने किया नमन

राष्ट्र निर्माण में नेहरू के योगदान को किया याद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पं.जवाहरलाल नेहरू की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया। साथ ही उनके व्यक्तित्व, विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा.दयाराम रजक ने कहा कि पं.जवाहरलाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेताओं में शामिल थे। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश को विकास, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और औद्योगिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके लोकतांत्रिक विचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे। मनरेगा जिला प्रभारी जसपाल सिंह ने कहा कि पं.नेहरू ने देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के साथ ही किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों को प्राथमिकता दी। उनका संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए समर्पित रहा। नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामनरेश दुबे ने कहा कि पं.जवाहरलाल नेहरू का बच्चों के प्रति विशेष स्नेह था। इसी कारण बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनके विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। युवा पीढ़ी को उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह चंदेल, प्रदीप कुशवाहा, पंकज हुण्डैत, राकेश रजक, मु. आशिफ एड., राहुल सेन, बासु जैन, श्रीजल जैन, मु. इमरान, राम सिंह यादव, खलक सिंह राजपूत, दीपक रायकवार सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



