बेतुल
बैतूल मारपीट की पीड़िता को ही बना दिया आरोपी
आदिवासी महिला ने एसपी से की शिकायत, आठनेर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। थाना आठनेर क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सातकुंड निवासी आदिवासी महिला प्रमिला पति मधु चिल्हाटे ने थाना प्रभारी आठनेर पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की है। प्रमिला चिल्हाटे ने बताया कि दिनांक विगत 25 नवंबर की रात करीब 8 बजे गांव के ही अनावेदक द्वारा शराब के नशे में उसके साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी दी गई तथा मंगलसूत्र तोड़ दिया गया। इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने वह अपने पति के साथ 26 नवंबर को दोपहर करीब 2.30 बजे थाना आठनेर पहुंची, जहां लिखित आवेदन देने के बावजूद न तो रिपोर्ट दर्ज की गई और न ही चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। शाम तक थाने में बैठाकर रखा गया और बाद में बिना कोई प्रति दिए वापस भेज दिया गया।
प्रमिला चिल्हाटे का आरोप है कि 2 दिसंबर को पुलिस द्वारा फोन कर समझौते के नाम पर थाना बुलाया गया और चालान बताकर झूठी एफआईआर पर हस्ताक्षर करा लिए गए। बाद में पता चला कि 27 नवंबर को शाम 5.24 बजे एफआईआर उसके खिलाफ दर्ज कर उसे आरोपी बना दिया गया। आरोप है कि अनावेदक ने स्वयं को चोट पहुंचाकर झूठी शिकायत की और ऐसे व्यक्ति को गवाह बनाया गया जो घटना के दिन गांव में मौजूद ही नहीं था। पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296(ए), 115(2) और 351(2) गलत तरीके से लगाए जाने की बात कही गई है। प्रमिला चिल्हाटे ने थाना प्रभारी, कर्मचारियों तथा ग्राम सातकुंड के सरपंच पति एवं पुत्र पर साजिश का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कर झूठी एफआईआर निरस्त करने और वास्तविक शिकायत दर्ज करने की मांग की है।



