ललितपुर
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत
मृतक की पत्नी की तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सतरवांस तिगैला पर एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। थाना नाराहट के ग्राम क्योलारी निवासी कमला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7.30 बजे उनके पति हुकुम सिंह अपने परिचित के साथ सतरवांस तिगैला के पास सड़क की पटरी पर खड़े थे। उसी समय ग्राम क्योलारी का ही इन्द्रपाल सिंह अपनी मोटरसाइकिल (संख्या- यूपी 94 ए.के. 3409) को बेहद तेजी और लापरवाही से चलाता हुआ आया और हुकुम सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से हुकुम सिंह सड़क पर गिर गए और उनके शरीर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक देखते हुए झांसी रेफर कर दिया गया। झांसी के अस्पतालों में सुधार न होने पर उन्हें ग्वालियर के कमला चिकित्सा समूह में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 10 जनवरी 2026 को उनकी मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी की शिकायत पर आरोपी चालक इन्द्रपाल सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(बी) और 106 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।