मिड डे मील में गड़बड़ी पर प्रधानाध्यापिका निलंबित

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन। कुठौंद ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कुठीला में मिड डे मील योजना में अनियमितता पाए जाने पर बीएसए चंद्रप्रकाश ने प्रधानाध्यापिका इंदुवती को गुरुवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जांच में पाया गया कि उन्होंने बच्चों को समय से दूध वितरित नहीं कराया और सरकार द्वारा भेजी गई धनराशि में भी घपला किया।
विद्यालय को खाद्य सुरक्षा भत्ते के तहत 1,22,180 रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी, जिसमें से केवल 21,277 रुपये ही अभिभावकों के खातों में भेजे गए। मार्च 2020 से अप्रैल 2024 तक मिड डे मील योजना में बच्चों की संख्या और खर्च की गई राशि में बड़ा अंतर पाया गया।
बीएसए ने बताया कि समय-समय पर हुए निरीक्षणों के निर्देशों का पालन नहीं हुआ और प्रधानाध्यापिका की ओर से लगातार अनुशासनहीनता की गई, जिससे विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा। निलंबन की अवधि में उन्हें बीआरसी मदारीपुर से संबद्ध किया गया है।
साथ ही, पूरे मामले की जांच के लिए बीईओ जालौन और बीईओ कोंच को संयुक्त जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

