गोड्डा

LPG संकट से जूझे ऑटो चालक, गोड्डा में बजाज शोरूम के सामने जोरदार प्रदर्शन

 गैस की कमी से ठप पड़ी रोज़ी-रोटी, EMI भरने में असमर्थ चालक, समाधान की उठाई मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा : जिले में LPG गैस की किल्लत अब आम लोगों के साथ-साथ ऑटो चालकों के लिए भी बड़ी समस्या बन गई है। बुधवार को सरकंडा चौक स्थित बजाज शोरूम के सामने जिले भर से आए LPG ऑटो चालकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। गैस नहीं मिलने से नाराज चालकों की भारी भीड़ शोरूम के सामने जुटी और अपनी समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन कर रहे चालकों का कहना है कि LPG गैस की आपूर्ति बाधित होने के कारण उनकी गाड़ियां ठप पड़ गई हैं। गाड़ी नहीं चलने से आमदनी पूरी तरह से बंद हो गई है, जिससे परिवार चलाना भी मुश्किल हो रहा है। चालकों ने बताया कि ऐसी स्थिति में वे अपने वाहन की EMI (किस्त) भी नहीं भर पा रहे हैं। चालकों ने कहा कि एक LPG सिलेंडर करीब एक सप्ताह तक चलता है और महीने में कम से कम 4 से 5 सिलेंडर की जरूरत होती है। लेकिन वर्तमान हालात में एक सिलेंडर मिलना भी बेहद मुश्किल हो गया है। इससे उनका रोजगार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान चालकों ने शोरूम प्रबंधन से मांग की कि इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि जब तक गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक उनकी EMI में राहत दी जाए या अस्थायी रूप से किस्तों को स्थगित किया जाए। इस मौके पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए दर्जनों ऑटो चालकों ने एकजुट होकर प्रशासन और संबंधित विभाग से शीघ्र हस्तक्षेप की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button