झुंझुनू

ग्रीन थार होटल में झुग्गी झोपड़ियों के 75 बच्चों को कराया शाही भोजन शिक्षा के लिए किया प्रेरित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं। शहर में एक भावनात्मक और प्रेरणादायी दृश्य उस समय देखने को मिला जब झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों के सपनों को साकार करते हुए उन्हें होटल में बैठाकर सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। भीम आर्मी के तत्वावधान में स्टेशन रोड़ स्थित ग्रीन थार होटल में रोटी डे का आयोजन कर 75 जरूरतमंद बच्चों को स्वादिष्ट भोजन कराया गया। भीम आर्मी जिलाध्यक्ष विकास आल्हा ने बताया कि अक्सर ये बच्चे होटल के बाहर खड़े होकर अंदर झांकते रहते हैं। उनके मन में जिज्ञासा रहती है कि होटल के अंदर कैसा खाना बनता है और लोग कैसे बैठकर खाते हैं। झुग्गी में रहने वाले हर बच्चे का सपना होता है कि वह भी कभी होटल में शाही अंदाज में भोजन करे। इसी सपने को पूरा करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया ताकि बच्चों के चेहरे पर खुशी और मन में आत्मविश्वास आ सके। कमलेश काला व सुनील सिरस्वा ने बताया कि फरवरी माह में जहां युवा वर्ग वेलेंटाइन डे, रोज डे और चॉकलेट डे मनाने में व्यस्त रहता है वहीं झुंझुनूं के जागरूक युवाओं ने इससे अलग हटकर सामाजिक सरोकार निभाते हुए झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों के साथ रोटी डे मनाया।पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सतवीर बरवड़ ने कहा कि शिक्षा ही एकमात्र ऐसा हथियार है, जिससे कोई भी व्यक्ति अपनी मंजिल हासिल कर सकता है। रोटी डे का उद्देश्य बच्चों को यह अहसास कराना था कि यदि वे पढ़-लिखकर आगे बढ़ेंगे तो उनका भविष्य भी उज्ज्वल हो सकता है। जिले के युवाओं ने व्हाट्सऐप के माध्यम से अभियान चलाकर आर्थिक सहयोग जुटाया। कार्यक्रम में बच्चों को भोजन के साथ-साथ पढ़ाई के लिए कॉपी, पेंसिल एवं चप्पल भी वितरित की गईं। इस अवसर पर कर्मचारी राज्य बीमा निगम ईएसआईसी के असिस्टेंट मैनेजर विकास काला ने कहा कि शिक्षा से ही व्यक्ति अपने सपनों को पूरा कर सकता है और सम्मानजनक जीवन जी सकता है। कार्यक्रम में जांबाज सिपाही अजय वर्मा ने समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ संदेश दिया। आयोजन के दौरान बच्चों ने राजस्थानी गीतों की धुन पर नृत्य कर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर भीम आर्मी जिलाध्यक्ष विकास आल्हा, कमलेश काला, सुनील सिरस्वा, विकास काला, अजय वर्मा, सतवीर बरवड़, राजेश गोठवाल, अभिषेक कांटीवाल, रवि, अंसार मुख्तार, नरेश कुमार, आश्चर्य कुमार बाजला, शोरभ, प्रीतम, दिनेश, संदीप, आदित्य सहित सर्व समाज के सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button