ललितपुर

अवैध शराब के ठिकाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष

कुल्हाड़ी-फरसा और बंदूक से हमला, 11 घायल

मऊ माफी गांव में सुबह सात बजे हुआ विवाद
दोनों ओर से जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर
सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती, गांव में पुलिस तैनात
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम मऊमाफी में बुधवार सुबह अवैध शराब बिक्री के ठिकाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते खूनी संघर्ष शुरू हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और कुल्हाड़ी, फरसा, लाठी-डंडों तथा पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान बंदूक से फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है। संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 11 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। बुधवार सुबह करीब सात बजे मऊमाफी गांव में कैलगुवा रोड के पास टेलको के निकट बड़ी नहर पर अवैध शराब बेचने के स्थान को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लोग लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, फरसा और पत्थर लेकर भिड़ गए। मारपीट के दौरान बंदूक से फायरिंग होने की जानकारी भी सामने आई है। इस संघर्ष में मऊमाफी निवासी सुनील (35) पुत्र बलों, अजय (30) पुत्र नरेश और सोनू (26) पुत्र दर्शन घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के ग्राम बम्होरी नागल निवासी अनिल (35) पुत्र बालक, अंगूरी (40) पत्नी बाबू, धीर सिंह (55) पुत्र देशपथ, अजय (25) पुत्र धीर सिंह, सुदीप (25) पुत्र चंदन, राजकुमार (25) पुत्र हरप्रसाद, महेश (50) पुत्र हम्मीर तथा नर्सिंग (55) पुत्र हम्मीर भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी 11 घायलों को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहीं, गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। विवाद की वास्तविक वजह, मारपीट में इस्तेमाल किए गए हथियारों और फायरिंग के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
सदर चौकी इंचार्ज निलम्बित, विभागीय जांच शुरू
क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार ने बयान जारी करते हुये बताया कि प्रकरण में दोनों पक्षों से 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है। जबकि गोली चलने की बात सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहीं है, जबकि घायलों में किसी को घायल को फायर आम्र्स इंजरी नहीं है। उक्त प्रकरण में सदर चौकी इंचार्ज को निलम्बित करते हुये उनके विरूद्ध विभागीय कार्यवाही प्रचलित की गयी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button