गोड्डा
महागामा नपं क्षेत्र में कई दिनों से हो रही पानी की समस्या का मंत्री ने लिया संज्ञान
- मंत्री पहुंची पीएचईडी कार्यालय, संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान का दिया निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा/महागामा : नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत सैकड़ों घरों में इन दिनों पानी की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। लगातार 15 दिन भी नलों से पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी। कारण है पीएचईडी परिसर स्थित समरसेबल स्टार्टर की बार-बार हो रही खराबी, जो इस बार फिर पूरी जलापूर्ति व्यवस्था को ठप कर गई है। तेज गर्मी और उमस के बीच रोजमर्रा का जीवन बुरी तरह प्रभावित है। लोग बाल्टी और बर्तन लेकर इधर-उधर पानी के इंतजाम में भटकने को मजबूर हैं। जानकारी के मुताबिक जून में ही नया समरसेबल व स्टार्टर लगाया गया था, लेकिन यह भी एक महीने के बाद जवाब दे गया। लोगों ने कहा पीएचईडी के ट्रांसफार्मर से अर्थिंग लेने के लिए कुछ लोगों के द्वारा ईसीएल का तार जोड़ दिया गया है जिससे बीच-बीच में शॉर्ट सर्किट हो रहा है और पीएचइडी परिसर में 11 हजार वोल्ट के तारों पर डाली और झाड़ियों के संपर्क में रहने से बार-बार फॉल्ट हो रहा है। लोगों ने विभाग से जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है ताकि पेयजल की समस्या दूर हो सके।
मंत्री ने अधिकारी और पदाधिकारी को बुलाकर लगाई फटकार
महागामा बाज़ार क्षेत्र में पानी की समस्या की शिकायत मिलते ही पीएचईडी परिसर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण कर समरसेबल मोटर और स्टार्टर की खराबी को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई तय है। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जल आपूर्ति का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आमजनों को बार-बार इस संकट से न गुजरना पड़े, हर घर तक पानी पहुंचाना सिर्फ ज़िम्मेदारी नहीं, हमारी प्राथमिकता है, क्योंकि स्वच्छ जल हर नागरिक का अधिकार है। वहीं नगर पंचायत कार्यपालक अधिकारी आशीष कुमार के दिशा निर्देश के अनुसार महागामा पीएचईडी समरसेबल पंप खोलकर लगाया जा रहा है, पर्यवेक्षक दिलदार अंसारी के देखरेख में साफ सफाई भी किया जा रहा है। इस दौरान उक्त मौके पर नगर पंचायत के सभी कर्मी उपस्थित रहे।




