सिंगरौली
सीआईएसएफ ‘वंदे मातरम् तटीय साइक्लोथॉन–2026’ का वर्चुअल शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की राष्ट्रीय जन-जागरूकता पहल ‘वंदे मातरम् तटीय साइक्लोथॉन–2026’ का वर्चुअल शुभारंभ आज मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम, नई दिल्ली से किया गया। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर 25 दिनों तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर सीआईएसएफ की दो साइक्लिंग टीमें बक्कखाली (पश्चिम बंगाल) और लखपत (गुजरात) से एक साथ रवाना हुईं। ये टीमें देश के पूर्वी और पश्चिमी तटों पर लगभग 6,500 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 9 तटीय राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेंगी। साइक्लोथॉन का समापन 22 फरवरी 2026 को कोच्चि में होगा।
शुभारंभ समारोह में सीआईएसएफ महानिदेशक प्रवीर रंजन, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल सहित विभिन्न केंद्रीय बलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में श्री नित्यानंद राय ने कहा कि यह अभियान ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है और यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सागर’ विजन के अनुरूप है। यह साइक्लोथॉन तटीय सुरक्षा, फिटनेस, महिला सशक्तिकरण और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।



