
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ौत। सनातन रक्षा वाहिनी महिला विंग द्वारा महिलाओं और लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में संगठन द्वारा संचालित गोमती देवी महिला एवं बाल प्रशिक्षण संस्थान की ओर से गोराना रोड स्थित महिला जिला संयोजक कांटा राजपूत के प्रशिक्षण केंद्र पर सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राओं और महिलाओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
प्रमाणपत्र वितरण का कार्य महिला जिला अध्यक्ष ममता सुनेजा द्वारा किया गया। प्रमाणपत्र पाकर सभी छात्राओं और महिलाओं के चेहरों पर उत्साह और गर्व झलक रहा था। इस अवसर पर “जियो और जीने दो” ट्रस्ट के महासचिव हेमचंद जैन का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में जिला संयोजक जितेंद्र सिंह छिल्लर, महामंत्री मुकेश राजपूत, हेमचंद जैन, रामनिवास जैन, महिला सहसंयोजक चंचल शर्मा, कांटा राजपूत, ममता सुनेजा सहित प्रशिक्षण केंद्र की छात्राएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें।



