गोड्डा
गोड्डा में एसपी का ललमटिया थाना पर औचक छापा-जांच,
साफ-सफाई से लेकर लंबित कांडों तक पर सख़्त निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा ललमटिया : जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने शनिवार को अचानक ललमटिया थाना पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और थाना की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उनके इस अचानक दौरे से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सिरिस्ता कार्यों, रजिस्टरों, अभिलेखों, केस डायरी सहित थाना से जुड़े सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों को ध्यानपूर्वक देखा। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों की अद्यतन स्थिति और लंबित कांडों की प्रगति रिपोर्ट पर विशेष फोकस करते हुए संबंधित पदाधिकारियों से सख़्त सवाल-जवाब किए।पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी और सभी पदस्थापित कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र और निष्पक्ष निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जनता की शिकायतों को अनसुना नहीं किया जाएगा, हर आवेदन और प्राथमिकी पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।एसपी मुकेश कुमार ने चेतावनी दी कि यदि लापरवाही पाई गई तो कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ-सफाई और अनुशासन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि थाना परिसर की स्थिति पुलिस की कार्यक्षमता और छवि का आईना होती है, इसलिए इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस औचक निरीक्षण से थाना परिसर में मौजूद महागामा अनुमंडल पुलिस पदाअधिकारी चंद्रशेखर आजाद पुलिसकर्मियों में सतर्कता और कार्य के प्रति गंभीरता देखने को मिली। एसपी का यह कदम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा जनता का भरोसा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




