16.71 लाख की लागत से सड़क सह- नाली निर्माण का शिलान्यास, जलजमाव से मिलेगी राहत
Foundation stone laid for the construction of a road-cum-drain at a cost of ₹16.71 lakh; project to provide relief from waterlogging.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 स्थित कालिकापुर में दीपावली की पूर्व संध्या पर 16 लाख 71 हजार रुपये की लागत से सड़क सह- नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल, उपाध्यक्ष राणा ओझा, वार्ड पार्षद तनु दास एवं कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर योजना की शुरुआत की। योजना के तहत मोहल्ले की विभिन्न गलियों में सड़क एवं नाली का निर्माण कराया जायेगा। इसके पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और जलजमाव की समस्या दूर करना नगर परिषद की प्राथमिकता है। वहीं, वार्ड पार्षद तनु दास ने इसे मोहल्लेवासियों की पुरानी मांग बताते हुए नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार जताया। शिलान्यास कार्यक्रम में कई वार्ड पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर परिषद के अभियंता, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। योजना के शिलान्यास से मोहल्लेवासियों में खुशी का माहौल है।



