बेतुल
बैतूल साइबर सेल और सीसीटीएनएस शाखाओं का एसपी अमित सक्सेना ने किया निरीक्षण
तकनीकी कार्यप्रणाली की समीक्षा कर दक्षता बढ़ाने के दिए निर्देश, नवीन एप्लीकेशंस के उपयोग और थाना प्रभारियों से बेहतर समन्वय पर दिया जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। पुलिस अधीक्षक बैतूल अमित सक्सेना ने 6 नवंबर 2026 को जिले की पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से साइबर सेल, सीसीटीएनएस एवं पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तकनीकी शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्षमता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम सहित संबंधित शाखाओं के प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
साइबर सेल के कार्यों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने साइबर सेल में संचालित कार्यों, साइबर अपराधों की रोकथाम, विवेचना में तकनीकी सहयोग तथा साइबर शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने बदलते साइबर अपराधों के अनुरूप आधुनिक तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी विश्लेषण को प्रभावी बनाने तथा कर्मचारियों को निरंतर प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।
सीसीटीएनएस शाखा को समय-सीमा में कार्य करने के निर्देश
सीसीटीएनएस शाखा के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक को विभिन्न प्रोजेक्ट्स एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। उन्होंने पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा शुरू किए जा रहे नवीन तकनीकी एप्लीकेशंस एवं डिजिटल सुविधाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीएनएस से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के अनुरूप किए जाएं। थाना प्रभारियों एवं सीसीटीएनएस कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि तकनीकी कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराधों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, डिजिटल साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग, सीसीटीएनएस में दर्ज जानकारी की शुद्धता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शाखा में लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा कर उनका समय-सीमा में निराकरण किया जाए तथा सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी तकनीकी दक्षता में निरंतर वृद्धि करें।
पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना ने कहा कि वर्तमान समय में प्रभावी पुलिसिंग के लिए तकनीकी दक्षता और आधुनिक संसाधनों का समुचित उपयोग अत्यंत आवश्यक है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी कार्यप्रणाली को तकनीक आधारित बनाते हुए आमजन को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीरता से कार्य करें।




