गोड्डा
गोड्डा पहुंचे बाबूलाल मरांडी, नगर निकाय चुनाव में अनिल साह की जीत के लिए कार्यकर्ता में भरा जोश
बाबूलाल ने कहा : 48 नगर निकाय सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी लहरायेंगे जीत का परचम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। राज्य में चल रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा प्रतिपक्ष नेता बाबूलाल मरांडी संथाल परगना दौरे के दौरान गोड्डा पहुंचे। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी अनिल साह को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को हर प्रकार के चुनाव का व्यापक अनुभव है। नगर निकाय चुनाव भले ही स्थानीय स्तर का चुनाव हो, लेकिन इसे हर हाल में जीतना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदान से लेकर मतगणना तक पूरी मुस्तैदी और रणनीति के साथ जुटे रहें। श्री मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार हार के डर से नगर निकाय चुनाव कराना ही नहीं चाहती थी। अगर उनके बस में होता तो चुनाव टाल दिया जाता, लेकिन हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के कारण सरकार को चुनाव कराना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि राज्य के सभी नगर क्षेत्रों में भाजपा का मजबूत प्रभाव है और इसी के दम पर पार्टी 48 की 48 नगर निकाय सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने विशेष रूप से गोड्डा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अनिल साह को विजयी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि पहले से ही नगर क्षेत्र में भाजपा की पकड़ मजबूत रही है और इस बार भी जनता का समर्थन पार्टी को मिलेगा। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे।



