जिला पंचायत अध्यक्ष ने 25 युवक एवं महिला मंगल दलों को वितरित की खेल सामग्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में आयोजित युवक एवं महिला मंगल दलों को प्रोत्साहन खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम का आज जनपद अमेठी में सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने जिले के 25 युवक एवं महिला मंगल दलों को खेल सामग्री वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया। जनपद अमेठी में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण तहसील गौरीगंज परिसर स्थित एनआईसी सभागार में किया गया, जहां बड़ी संख्या में युवक एवं महिला मंगल दल के सदस्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से चयनित मंगल दलों को खेल सामग्री प्रदान करते हुए युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए कहा गया कि युवाओं को खेल, शिक्षा और समाजसेवा के माध्यम से आगे बढ़कर प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन के उपरांत अमेठी में मा. जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा 25 चयनित युवक एवं महिला मंगल दलों को फुटबॉल, वॉलीबॉल,
बैडमिंटन, रस्सी-कूद, क्रिकेट किट सहित विविध खेल सामग्री वितरित की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हर स्तर पर कार्य कर रही है। खेल सामग्री वितरण का उद्देश्य उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ, अनुशासित और सामाजिक रूप से सक्रिय बनाना है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक अनिल चतुर्वेदी, जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, तथा क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सहित युवक एवं महिला मंगल दलों के सदस्य उपस्थित रहे।

